Site icon CITIZEN AWAZ

ऑन एअर’ : संचार की भूमिका और बदलते सामाजिक प्रभावों को अभिव्यक्त करता नाटक

नई दिल्ली। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में निखिल मेहता के निर्देशन में बना नाटक ‘ऑन एअर’ आपको संचार माध्यमों की उस दुनिया में लेकर जाता है, जो आज के मीडिया जगत से बहुत भिन्न है मगर चौथे स्तंभ की सार्थक भूमिका को उजागर करता है। यह उन दिनों की कहानी कहता है जब प्रिंट माध्यमों ने समाज में जन-जागरण और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में कार्य किया। 1942 का वह दौर जब एक ओर द्वितीय विश्व युद्ध जारी था और दूसरी तरफ संपूर्ण भारतवर्ष में आजादी की लडाई, भारत छोडों आंदोलन अपने चरम पर था। भारत में ब्रिटिश हुकूमत ने मीडिया पर प्रतिबंध(सेन्सरशिप) लागू कर रखा था। इसी दौरान में भूमिगत रेडियो प्रसारण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिसने देश के कोने- कोने में होने वाली महत्वपूर्ण खबरें और राष्ट्रवादी संदेशों और आंदोलन से संबंधित समाचारों को जनता तक पहुँचाने का प्रयास किया।

1942 का भारतीय मीडिया एक ओर औपनिवेशिक सेंसरशिप और सरकारी नियंत्रण से जूझ रहा था, तो दूसरी ओर स्वतंत्रता आंदोलन की आवाज़ को जन-जन तक पहुँचाने के नए रास्ते तलाश रहा था। यह दौर भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में मीडिया की स्वतंत्रता, राष्ट्रवादी चेतना और वैकल्पिक संचार के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

सन् 1956 में ऑल इंडिया रेडियों का नाम बदलकर आकाशवाणी रख दिया गया। प्रसारण जगत में क्रांतिकारी बदलाव आया। समाचार, शिक्षा, मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास एवं सरकारी नीतियों की खबरें जन-जन तक पहुंचने लगी। गीतमाला की शास्त्रीय संगीत परंपरा से रेडियो सियोल यानि पॉप कल्चर की ओर श्रोताओं का रूझान बढा। 1991 में आर्थिक उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण की नीतियों का प्रभाव ने मीडिया के क्षेत्र में असीम संभावनाएं को जन्म दिया तथा दूरदर्शन और आकाशवाणी की मोनोपॉली समाप्त हुई और निजी टीवी चैनलों और प्रिंट मीडिया का विकास हुआ। एक ओर मीडिया के क्षेत्र में कैरियर की असीम संभावनाएं विकसित होती दिखाई दी वहीं दूसरी ओर टीआरपी की होड ने सनसनी खेज और भ्रामक खबरों के रूप मीडिया की विश्वसनीयता को कटघरे में लाकर खडा कर दिया। यही वह दौर था जब जगमोहन डालमिया ने क्रिकेट और स्पोर्टस को दूरदर्शन के एकाधिकार से बाहर निकालकर महत्वपूर्ण मीडिया व्यवसाय के रूप में स्थापित किया। वर्ष 1996 में भारतीय मीडिया संक्रमण काल के दौर से गुजर रहा था। एक ओर लंबे समय से चली आ रही राज्य-नियंत्रित प्रसारण व्यवस्था से बाहर निकल रहा था और दूसरी ओर उदारीकरण, निजीकरण, वैश्वीकरण और व्यवसायीकरण के नए दौर में प्रवेश कर रहा था।

‘ऑन एअर’ के माध्यम से निर्देशक ने मीडिया की दुनिया की पडताल गहराई से की है तथा कालक्रमानुसार कलाकारों के माध्यम से महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को खूबसूरती से दर्शाया है।

इक्कीसवीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकी घटनाओं में डिजिटल क्रांति का विशेष स्थान है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, एक्स और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म केवल सूचना एवं मनोरंजन के माध्यम नहीं रह गए हैं, बल्कि वे हमारे सोचने, व्यवहार करने, दूसरों से संबंध बनाने और स्वयं को देखने के तरीके को भी प्रभावित कर रहे हैं। सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग ने हमारी मानसिक विकास, भावनाओं, आत्म-छवि, सामाजिकता और व्यक्तिगत संबंधों पर गहरा प्रभाव डाला है। इसने हमें हमारे परिवेश और प्रकृति के अलग-थलग कर मानसिक गुलाम बना दिया है। नाटक में काला बंदर एक काल्पनिक पात्र है। मगर यह आज के मनुष्य की वास्तविकता को दर्शाता है हम अनायास ही सोशल मीडिया के मायाजाल में फंसकर रह गए है अब वह हमारे व्यवहार और व्यक्तित्व को नियंत्रित कर रहा है। यह मानसिक गुलामी का प्रतीक है। सूचना क्रांति के इस दौर में हम एक आभाषी दुनिया में कैद हो गए है, हम कहीं खो गए हैं जिससे बाहर निकलना एक बहुत बडी चुनौती है। नाटक में पात्रों की वेशभूषा समय काल और परिस्थितियों का चित्रण करने में पूर्णतः सफल रही है। यह नाटक समसामयिक है तथा हर वर्ग के लोगों प्रभावित करने की क्षमता रखता है।

Exit mobile version