Site icon CITIZEN AWAZ

कथक की थाप पर झूमे त्योहारों के रंग

नई दिल्ली। कथक नृत्य भाव द्वारा लोक कला मंच ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की संकल्पना भारत के विभिन्न त्योहारों की उमंग, उल्लास, रंगों और सांस्कृतिक विविधता को नृत्य के माध्यम से अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से की गई थी। कार्यक्रम का मूल विचार त्योहारों के उल्लासपूर्ण वातावरण को नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर साकार करना था।

कथक नृत्य भाव की सेक्टर-62 एवं सेक्टर-41, नोएडा स्थित दोनों शाखाओं की छात्राओं ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लगभग 27–30 मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें विभिन्न आयु वर्ग की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया। इनमें नन्हे बच्चों से लेकर कनिष्ठ एवं वरिष्ठ छात्राओं तक की सहभागिता रही।

 

कार्यक्रम की विशेषता इसकी विविधतापूर्ण प्रस्तुतियाँ रहीं। कुछ प्रस्तुतियाँ एकल नृत्य के रूप में थीं, जबकि कुछ समूह नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत की गईं। सभी प्रस्तुतियों में अर्धशास्त्रीय नृत्य शैली (Semi-Classical Dance) की सुंदरता, भाव-भंगिमाओं, लय और ताल का मनमोहक समन्वय देखने को मिला। आकर्षक वेशभूषा, मधुर संगीत और भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे मंच को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।

 

कार्यक्रम का संयोजन एवं आयोजन भावना जी के मार्गदर्शन में किया गया, जो कथक नृत्य भाव केंद्र का संचालन भी करती हैं। उनके निर्देशन एवं प्रयासों ने इस आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन अनिका ऐरन जी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और संचालन शैली से कार्यक्रम को निरंतर गतिमान बनाए रखा।

Exit mobile version