CITIZEN AWAZ : एक दिन के डीएम शैडो जिलाधिकारी स्वाती कुमारी ने भी जनसमस्याओं का किया अवलोकन

Madhubani सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम में आमजनों से सीधे संवाद स्थापित 

मधुबनी : जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम में आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ‘ऑफिसर फॉर ए डे’ कार्यक्रम के तहत शैडो जिलाधिकारी स्वाती कुमारी भी मौजूद रहीं। उन्होंने जिलाधिकारी के साथ आमजनों की समस्याओं एवं उनके समाधान की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा जनसमस्याओं के निराकरण में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए आमजनों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से प्रशासन को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार जांच कर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में अंधराठाढ़ी प्रखंड निवासी रतन झा ने अतिक्रमण से संबंधित शिकायत करते हुए अपनी जमीन से कब्जा हटवाने एवं दखल दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। घोघरडीहा प्रखंड निवासी रिंकू देवी ने भूमिहीन महादलित परिवारों को बासगीत भूमि आवंटित करने के संबंध में आवेदन दिया। बेनीपट्टी प्रखंड निवासी जगदीश मंडल ने सार्वजनिक/देवस्थान भूमि से अतिक्रमण हटाने की शिकायत की। लदनियां प्रखंड निवासी प्रमोद चौधरी ने निजी भूमि विवाद से संबंधित आवेदन दिया। इसी प्रकार रहिका प्रखंड निवासी राजो देवी ने भूमि संबंधी आवेदन के निष्पादन में आ रही समस्या के संबंध में आवेदन दिया। राजनगर प्रखंड निवासी सोनिल प्रसाद ने अतिक्रमण से भूमि को मुक्त कराने की शिकायत की, जबकि लदनियां प्रखंड निवासी सुशीला कुमारी ने भूमिहीन लोगों को भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी अपने-अपने कार्यालय कक्षों में उपस्थित रहे तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है तथा शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन किया जाना है। आमजन अपनी शिकायतों एवं समस्याओं को लेकर घर बैठे ‘सहयोग शिविर’ RTMS पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहयोग शिविर RTMS पोर्टल:
ऑनलाइन आवेदन के लिए सहयोग पोर्टल
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सहयोग पोर्टल पर जाएं। अपनी शिकायत/समस्या से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करें। आवेदन को ऑनलाइन सबमिट करें। उल्लेखनीय है कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ अनुश्रवण प्रणाली के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का सम्मानपूर्वक एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जनहितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाना है।

Leave a Comment