मेदांता हॉस्पिटल, पटना के तत्वावधान में बैंक के पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप
दरभंगा । भारतीय स्टेट बैंक, दरभंगा शाखा द्वारा मेदांता हॉस्पिटल, पटना के तत्वावधान में बैंक के पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बैंक के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की देखभाल तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

इस विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भारतीय स्टेट बैंक, दरभंगा शाखा के मुख्य प्रबंधक श्री प्रणय कुमार झा की पहल एवं विशेष परिश्रम से किया गया। वरिष्ठ पेंशनरों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नवंबर माह में जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए शाखा आने वाले पेंशनरों को बैंकिंग सेवाओं के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की परिकल्पना की। उनके समुचित प्रयासों एवं बेहतर समन्वय से मेदांता हॉस्पिटल, पटना के सहयोग से इस विशेष शिविर का सफल आयोजन संभव हो सका।

शिविर का विधिवत उद्घाटन नीरंजन कुमार पांडे, क्षेत्रीय प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, शिवकुमार झा, अध्यक्ष, स्टेट बैंक पेंशनर एसोसिएशन, प्रदीप कुमार भगत, सचिव, स्टेट बैंक पेंशनर एसोसिएशन, दरभंगा; अशोक कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष, स्टेट बैंक पेंशनर एसोसिएशन, फूल कुमार झा, कर्मचारी नेता, विद्यानंद मिश्रा, सचिव, पेंशनर एसोसिएशन, फकीरा पासवान, अध्यक्ष, पेंशनर एसोसिएशन, सोहन कुमार कर्ण, अध्यक्ष, पेंशन समाज एवं रामविलास यादव, सचिव, पेंशन समाज, दरभंगा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
मेदांता हॉस्पिटल, पटना की ओर से डॉ. विनोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में आई मेडिकल टीम में तुनीर कुमार, अभिषेक कुमार, मोहम्मद इंतेखाब आलम एवं चंदन कुमार शामिल थे। मेडिकल टीम द्वारा शिविर में उपस्थित पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि नवंबर माह पेंशनरों के जीवन प्रमाण-पत्र (Life Certificate) जमा करने का महत्वपूर्ण समय होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर अपने जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बैंक शाखा पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक, दरभंगा शाखा ने एक सराहनीय पहल करते हुए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की समुचित जांच की भी व्यवस्था की, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर बैंकिंग सेवा के साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधा भी उपलब्ध हो सके। भारतीय स्टेट बैंक की यह पहल अपने पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति बैंक की संवेदनशीलता, सामाजिक प्रतिबद्धता और उनकी देखभाल के प्रति समर्पण को दर्शाती है। इस आयोजन से पेंशनरों में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित पेंशनरों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के हित में एक अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय कदम बताया।