Site icon CITIZEN AWAZ

Darbhanga राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का ऐतिहासिक शाखा संगम सह भव्य होली मिलन समारोह सम्पन्न

CITIZEN AWAZ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आज दरभंगा में शाखा संगम सह होली मिलन समारोह का अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर इकाइयों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता, संगठनात्मक एकता एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संघ संस्थापक परम पूज्य डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार तथा द्वितीय सरसंघचालक परम पूज्य माधवराव सदाशिव गोलवलकर (गुरुजी) के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इसके पश्चात सामूहिक प्रार्थना एवं घोष वादन से संपूर्ण परिसर राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत हो उठा। शाखा संगम के अंतर्गत स्वयंसेवकों द्वारा शारीरिक व्यायाम, दंड, नियुद्ध, योग एवं सामूहिक खेलों का सुंदर प्रदर्शन किया गया, जिससे अनुशासन, एकता एवं संगठनात्मक क्षमता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत हुआ।

इसके उपरांत होली मिलन समारोह में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों एवं अतिथियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक फाग गीतों और होली के रंगों से वातावरण पूर्णतः उल्लासमय एवं आनंदमय बन गया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, उत्तर बिहार के प्रांत प्रचारक रवि शंकर जी रहे। अपने विस्तृत, ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, सौहार्द और सद्भाव का महान प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज में संस्कार, सेवा, संगठन और समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है।
उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वयंसेवक को अपने जीवन में अनुशासन, चरित्र निर्माण और सामाजिक सेवा को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों, विभाजनकारी प्रवृत्तियों एवं राष्ट्रविरोधी मानसिकता से समाज को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभाग संघचालक अजीत सिंह, नगर संघचालक दिनेश मिश्र, राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता,पूर्व विधायक अमरनाथ गामी,विभाग कार्रवाह सनोज नायक,नगर कार्यवाह राजीव झा, अविनाश कुमार,तरुण कुमार,दिलीप झा,रूद्रनायारण मंडल,सुभाष कुमार,विजय कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना सहीत शाखा प्रमुख, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version