26 से 29 अक्टूबर तक चेन्नई में होगा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला, बिहार के खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में खुशी
मुजफ्फरपुर । बिहार के लिए गौरव की बात है कि मुजफ्फरपुर के प्रियांशु कुमार और दीपेश कुमार का चयन वर्ष 2026 की एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए भारतीय राष्ट्रीय टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित केसीजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, करापक्कम में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भारत सहित कई देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
बिहार की ओर से शानदार प्रदर्शन करने के बाद प्रियांशु कुमार और दीपेश कुमार को भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। इससे पहले भी दोनों खिलाड़ियों ने भूटान सीरीज और नेपाल में अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
12 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा श्रीलंका, नेपाल, बहरीन, कुवैत, उज्बेकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मालदीव, भूटान, थाईलैंड, सिंगापुर और बांग्लादेश की टीमें भाग ले रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बिहार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि
प्रियांशु कुमार और दीपेश कुमार के भारतीय टीम में चयन से बिहार के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। उनकी यह उपलब्धि राज्य के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती है।
अब सभी की निगाहें चेन्नई में होने वाली इस चैंपियनशिप पर टिकी हैं, जहां प्रियांशु कुमार और दीपेश कुमार भारतीय टीम की ओर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने उतरेंगे।

