CITIZEN AWAZ : दरभंगा – राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के विशेष निगरानीकर्ता (बाल अधिकार एवं बुजुर्ग नागरिक) बालकृष्ण गोयल द्वारा आज दरभंगा जिले के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-32, दरभंगा सदर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की एवं संतोषजनक गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों की साफ-सफाई,नियमित स्नान एवं ड्रेस सुनिश्चित कराने को कहा।
उन्होंने अपनी उपस्थिति में बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा अभिलेखों (पंजी) की भी गहन जांच की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी आवश्यक सूचनाओं एवं आंकड़ों को समय पर पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया।
बच्चों के कक्ष में स्थापित स्मार्ट टीवी को क्रियाशील रखने एवं उसका शैक्षणिक उपयोग सुनिश्चित करने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों का यह प्रारंभिक चरण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है,सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समुचित पोषण उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
इसके उपरांत गोयल द्वारा पीएम स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, केवटी का भी निरीक्षण किया गया। वहां उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं (दवाओं आदि) की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा,ताकि बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने विद्यालय के छात्रावास का भी निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत किए और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लिया।
उन्होंने सार्वजनिक जन वितरण प्रणाली विक्रेता दुकानों का भी निरीक्षण किया। पीडीएस डीलर को ससमय अनाज वितरण करने का निर्देश दिया तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का मोबाइल नम्बर दीवार पर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया ताकि किसी लाभुक को समस्या हो तो दूरभाष के माध्यम से सूचना दे सके।
उन्होंने उपस्थित लाभुकों से बातचीत किए और राशन के संबंध में जानकारी लिए।
इस अवसर पर लाइजनिंग ऑफिसर अनिमेष कुमार चन्द्र ,जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस चांदनी सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

