PUNJAB पंजाब विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर सिंधु मैराथन 4.0’ के भव्य समापन समारोह में युवाओं के जोश और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर समाज सेवा के प्रति अटूट निष्ठा और युवा सशक्तिकरण में विशिष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना के वरीय एवं कर्मठ स्वयंसेवक अक्षय कुमार झा को मुख्य अतिथि, पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक, श्री गुलाब चंद कटारिया जी द्वारा सम्मानित किया गया।
माननीय राज्यपाल ने अक्षय की कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासित जीवन शैली की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। अक्षय को उनके सराहनीय सामाजिक कार्यों और निस्वार्थ भाव से की गई सेवाओं के कारण इस प्रतिष्ठित आयोजन का ‘ऑफिशियल यूथ आइकन एंबेसडर’ नियुक्त किया गया था।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रेनु विग ने अक्षय को युवाओं का आदर्श बताया और उनके सेवा कार्यों को अन्य युवाओं के लिए एक अनुकरणीय मिसाल करार दिया। इस गौरवमयी पल के अवसर पर ‘रन फॉर सिंधु’ के संस्थापक सुनील पाल और कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमनदीप सिंह सहित शहर के कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे । अक्षय का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तित्व की जीत है, बल्कि यह उन तमाम युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सपना देखते हैं।
CITIZEN AWAZ : समाज सेवा के प्रकाशपुंज बने अक्षय: राज्यपाल ने ‘यूथ आइकन’ अलंकरण से किया विभूषित

