Site icon CITIZEN AWAZ

LNMU दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित प्रश्नपत्र मुद्रण एवं वित्तीय अनियमितता से संबंधित समाचार के संबंध में विश्वविद्यालय ने ज़ारी किया अपना पक्ष

वित्तीय अनियमितता मामला वर्ष 2022 का तत्कालीन पूर्व कुलपति एवं पूर्व कुलसचिव के कार्यकाल से संबंधित है

मामले पर मिथिला विश्वविद्यालय कुलसचिव ने जारी किया प्रेस विज्ञप्ति

दरभंगा : दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को दैनिक समाचार पत्र दैनिक भास्कर में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में प्रश्नपत्रों की छपाई एवं वित्तीय लेन-देन में कथित अनियमितता से संबंधित प्रकाशित समाचार के संदर्भ में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निम्नलिखित तथ्य स्पष्ट किए जाते हैं।
प्रकाशित समाचार में जिस मामले का उल्लेख किया गया है, वह वर्ष 2022 का है तथा तत्कालीन पूर्व कुलपति एवं पूर्व कुलसचिव के कार्यकाल से संबंधित है। उक्त अवधि में लिए गए प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों तथा संबंधित कार्यों का वर्तमान विश्वविद्यालय प्रशासन से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।
यह भी स्पष्ट किया जाता है कि उक्त मामले की जांच संबंधित विजिलेंस इकाई द्वारा की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन जांच एजेंसी को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहा है। जांच की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही मामले से संबंधित तथ्यों एवं उत्तरदायित्वों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वर्तमान कुलपति, वर्तमान कुलसचिव एवं वर्तमान परीक्षा नियंत्रक का उक्त प्रकरण से किसी प्रकार का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। न ही उक्त अवधि में हुई कथित अनियमितताओं में वर्तमान पदाधिकारियों की कोई भूमिका रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन एवं जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय यह भी स्पष्ट करना चाहता है कि किसी भी प्रकरण में जांच एजेंसी के निष्कर्ष आने से पूर्व किसी व्यक्ति या पदाधिकारी के संबंध में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।

Exit mobile version