Site icon CITIZEN AWAZ

Citizen Awaz Darbhanga : 20 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में दरभंगा से हजारों महिला कार्यकर्ता आक्रोश मार्च में होंगी शामिल

Citizen Awaz Darbhanga : भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आज भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष सपना भारती की अध्यक्षता मे आयोजित की गई। बैठक में संसद में महिला आरक्षण विधेयक को विपक्ष द्वारा समर्थन नहीं दिए जाने एवं महिलाओं के सम्मान तथा अधिकारों की उपेक्षा किए जाने के विरोध में बिहार भाजपा द्वारा पटना के गांधी मैदान में 20 अप्रैल को आयोजित आक्रोश मार्च की तैयारी को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक ऐतिहासिक योजनाएं चलाई जा रही हैं, वहीं महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष का नकारात्मक रवैया महिलाओं के प्रति उनकी सोच को उजागर करता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों, मंडलों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा प्रत्येक स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गईं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने कहा कि पटना के गांधी मैदान में आयोजित आक्रोश मार्च में दरभंगा जिला से हजारों महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी। उन्होंने कहा की यह आक्रोश मार्च महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के समर्थन में एक सशक्त आवाज बनेगा। बिहार की महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं और विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता को करारा जवाब देंगी। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि पटना गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा तथा जिले से बड़ी संख्या में महिलाएं इसमें भाग लेंगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री सुजीत मल्लिक, जिला उपाध्यक्ष सोनी पूर्व, संगीता साह, जिला मंत्री मीरा मेहता, बेटी बचाओ की जिला संयोजक आरती कुमारी, आकांक्षा रानी, रूपा कुमारी, तारा झा, हिना कुमारी, कल्पना झा,आशा कुमारी, भावना पासवान, रंजु रंजन सहित अनेकों महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Exit mobile version