CITIZEN AWAZ आत्मविश्वास से ओतप्रोत एनडीए कार्यकता ‘मिशन 225’ की ओर मजबूती से अग्रसर हैं – उमेश सिंह कुशवाहा
पटना: बुधवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में एनडीए घटक दलों की संयुक्त प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिसमें जद (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, हम (से0) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, लोजपा (आर0) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी एवं रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित कर चतुर्थ चरण में आगामी 15 फरवरी से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की जानकारी साझा की। उक्त मौके पर विधानपार्षद सह कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ़ एवं विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ़ गांधी जी मौजूद रहे।
इस मौके पर जद (यू0) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि अब तक 2 चरणों में हुए एनडीए सम्मेलन के दौरान तमाम एनडीए कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास, उल्लास और शानदार उपस्थिति देखकर हमें पूर्ण विश्वास हो चुका है कि 2025 में विपक्षी गठबंधन एक-एक सीट के लिए तरस जाएगा। मोदी-नीतीश की बेजोड़ और बेमिसाल जोड़ी के प्रति आम-जनता में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य के उपासक थे और उनकी कर्मभूमि से एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आगाज इसी संकल्प के साथ हुआ है कि झूठ फैलाने वाली ताकतों का मंसूबा ध्वस्त करना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’ के मिशन को आम जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को उम्मीद से अधिक सफलता मिल रही है। कड़ाके की ठंड में कार्यक्रम शुरु हुआ था लेकिन अब धीरे-धीरे मौसम और माहौल में गर्मी बढ़ने लगा है। एनडीए के कार्यकर्तागण भगवान सूर्य से ऊर्जा प्राप्त कर चट्टानी एकता के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़े रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का अभूतपूर्व विकास हो रहा है और आने वाले दिनों में विकसित बिहार का स्वरूप सबसे अलग होगा। राज्य कैबिनेट की बैठक में एक साथ 136 विकास योजनाओं की स्वीकृति अपने आप में ऐतिहासिक कदम है।
लोजपा (आर0) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि पंचायत स्तर से बूथ स्तर तक एनडीए के तमाम कार्यकर्ता अब एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा निचले स्तर तक जो सामंजस्यता और एकता बनाने का निर्देश प्राप्त हुआ था उसमें हमें बहुत बड़ी सफलता मिली है।
हम (से0) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि 19 वर्षों के दौरान जो काम हुए हैं उसको लेकर जनता खासा उत्साहित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान एवं उपेन्द्र कुशवाहा के प्रति आम जनता में विश्वास का भाव उमड़ा है।
रालोमो के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि पांचों दलों के तमाम कार्यकर्तागण पूरे मन और ईमानदारी से मिशन 225 के मिशन को कामयाब बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। विपक्ष लड़ाई में दूर-दूर तक नजर नहीं आएगा।