रानी लक्ष्मीबाई के शौर्य और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का दिया संदेश, ‘तेजस्विनी’ संगोष्ठी का हुआ आयोजन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज इकाई की ओर से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर महाविद्यालय के सेमिनार कक्ष में ‘तेजस्विनी’ संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व इकाई के उपाध्यक्ष ऋषि सिंह ने किया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराना तथा युवा पीढ़ी में देशभक्ति और नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व खेलो भारत राष्ट्रीय संयोजक प्रज्ञा मालिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, यमुना विहार जिला संगठन मंत्री अमित पाण्डेय की भी विशेष उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि प्रज्ञा मालिक ने अपने संबोधन में रानी लक्ष्मीबाई के जीवन संघर्ष और उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय इतिहास की ऐसी वीरांगना है, जिनका साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन केवल वीरता की गाथा नहीं, बल्कि नारी शक्ति, आत्मविश्वास, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी जिस दृढ़ इच्छाशक्ति और साहस का परिचय दिया, वह आज की युवा पीढ़ी के लिए एक आदर्श है। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण के बल पर कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना किया जा सकता है। संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास की महान विभूतियों के योगदान को समझने, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

Leave a Comment