संपादकीय : छठ के बाद फिर शुरू हुआ पलायन का दर्द ! बिहार से रोजी-रोटी की तलाश में लौट रहे प्रवासी, ट्रेनों में भारी भीड़

टिकट के नाम पर 3 से 5 हजार रुपये तक वसूली का आरोप, 15-25 हजार की नौकरी के लिए अपनों से 2 हजार किलोमीटर दूर जाने को मजबूर युवा

पंकज कुमार झा : संपादक

बिहार । लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न होते ही बिहार से दूसरे प्रदेशों की ओर प्रवासियों की वापसी शुरू हो गई है। मुंबई, दिल्ली और देश के अन्य महानगरों में काम करने वाले हजारों लोग अब अपनी कर्मभूमि की ओर लौट रहे हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों में सीट पाने के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। छठ के बाद का यह नजारा एक बार फिर बिहार में रोजगार और पलायन की गंभीर समस्या को उजागर कर रहा है।

छठ महापर्व में अपने घर-परिवार के बीच खुशियां मनाने आए प्रवासी अब भारी मन से वापस लौट रहे हैं। कई यात्रियों से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी परेशानी साझा की। यात्रियों का आरोप है कि मुंबई और दिल्ली जाने के लिए टिकट दलालों द्वारा प्रति व्यक्ति 3 हजार से 5 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। सामान्य टिकट उपलब्ध नहीं होने और ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण मजबूरी में अधिक पैसे देकर यात्रा करनी पड़ रही है।

प्रवासियों का दर्द सिर्फ महंगे टिकट तक सीमित नहीं है। बिहार के बड़ी संख्या में युवा महज 15 हजार से 25 हजार रुपये मासिक कमाने के लिए अपने परिवार, माता-पिता और बच्चों को छोड़कर करीब 2 हजार किलोमीटर दूर दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं। त्योहार के कुछ दिनों की छुट्टी के बाद फिर वही संघर्ष, वही नौकरी और अपनों से दूर रहने की मजबूरी उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर कब पैदा होंगे? कब ऐसी व्यवस्था बनेगी कि बिहार के युवाओं को रोजी-रोटी के लिए मुंबई, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा? कब राज्य में उद्योग, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित होंगे, ताकि यहां के लोग अपने परिवार के साथ रहकर सम्मानजनक जीवन जी सकें?

छठ के बाद ट्रेनों में उमड़ती प्रवासियों की भीड़ केवल यात्रियों की संख्या नहीं, बल्कि बिहार में रोजगार की चुनौती की एक तस्वीर है। हर साल त्योहारों पर घर लौटने और फिर मजबूरी में बाहर जाने का सिलसिला जारी है।

सवाल है वर्षों बाद आज भी कायम है छठ में घर लौटने वाले बिहारियों को क्या कभी ऐसी खुशियां मिलेंगी, जब उन्हें त्योहार के बाद रोजगार के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर दूसरे प्रदेश नहीं जाना पड़ेगा।

Leave a Comment