Bahadurpur Jalwar एक कमरे में अस्पताल, शौचालय-पेयजल गायब; बदहाली के बीच सेवा दे रहीं महिला स्वास्थ्यकर्मी
2010 से जर्जर भवन में संचालित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शौचालय और पेयजल तक की सुविधा नहीं; जंगल, भूसा और कचरे के बीच मरीजों का इलाज करने को मजबूर स्वास्थ्यकर्मी
दरभंगा । बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी के विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत कई सवाल खड़े कर रही है। बहादुरपुर प्रखंड के जलवार स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। वर्ष 2010 से बदहाल स्थिति में संचालित इस स्वास्थ्य केंद्र में आज तक बुनियादी सुविधाओं का समुचित इंतजाम नहीं हो सका है।
हैरानी की बात यह है कि स्वास्थ्य केंद्र का संचालन महज एक कमरे में किया जा रहा है। यहां कार्यरत 4-5 महिला डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी सीमित संसाधनों के बीच मरीजों का इलाज करने को मजबूर हैं। अस्पताल परिसर में चारों तरफ जंगल, झाड़ियां, भूसा और कचरा जमा है। वहीं, मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए शौचालय तथा पीने के पानी तक की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।
स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति से न केवल मरीजों को परेशानी हो रही है, बल्कि यहां कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को भी रोजाना कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए महत्वपूर्ण इस स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधाओं का अभाव स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि जब क्षेत्र के विधायक मदन सहनी पिछले करीब दस वर्षों से राज्य सरकार में मंत्री पद पर हैं, तो जलवार के इस अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति में सुधार क्यों नहीं हुआ? क्या ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल नहीं है।
अब सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस बदहाल स्वास्थ्य केंद्र की सुध कब लेंगे। क्या जलवार के लोगों को इलाज के लिए बुनियादी सुविधाओं से युक्त अस्पताल मिल पाएगा या फिर उन्हें इसी बदहाल व्यवस्था के बीच इलाज कराने को मजबूर रहना पड़ेगा।